किसानों के लिए खुशखबरी: IIT रोपड़ विकसित कर रहा AI टूल, फोटो से पता चलेगी फसलों की बीमारी
आईआईटी रोपड़ एक ऐसी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक पर काम कर रहा है, जिससे किसान अपने मोबाइल से फोटो खींचकर फसलों में लगे कीटों और बीमारियों की पहचान कर सकेंगे।
कृषि क्षेत्र में तकनीक को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी रोपड़ एक खास एआई (AI) टूल विकसित कर रहा है। इस टूल के माध्यम से किसान अपने खेत की फसल की तस्वीर मोबाइल के जरिए अपलोड कर सकेंगे, जिससे उन्हें तुरंत बीमारी, कीटों के प्रकोप और उनके सटीक उपचार के बारे में जानकारी मिल जाएगी। अंबाला के गांव बलाना में आयोजित किसान जागरूकता अभियान के दौरान नार्दर्न फार्मर फेडरेशन के अध्यक्ष पुनीत सिंह थिंद ने इस तकनीक के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में मिट्टी की जांच करने वाली एक पोर्टेबल लैब का कॉन्सेप्ट भी पेश किया गया, जिससे किसान मौके पर ही मिट्टी की रिपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, कार्यक्रम में किसानों को खेती के साथ पशुपालन, जैविक खाद के निर्माण और फसलों की प्रोसेसिंग व ब्रांडिंग के जरिए आय बढ़ाने के गुर भी सिखाए गए।
स्रोत: मूल लेख
